नारनौल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल 7 मार्च को पंचकूला में वर्चुअल माध्यम से महेंद्रगढ़ को 278.44 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात देंगे। पंचायत भवन में आयोजित समारोह में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ के लिए मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से 278.44 करोड़ की 55 परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। पंचायत भवन में संबंधित विभागों द्वारा शिलान्यास व उद्घाटन की तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इनमें मुख्य परियोजनाओं में भालकी में 11470.00 लाख की लागत से तैयार नहर आधारित संवर्धन जल आपूर्ति का उद्घाटन करेंगे। यहां से 61 गांवों को प्रर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति हो सकेगी। वहीं सिहमा में 2668.00 लाख की लागत से तैयार राजकीय महिला कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इस कालेज के निर्माण से आसपास की ग्रामीण लड़कियों को उच्चतर शिक्षा हासिल करने के लिए शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा महेंद्रगढ़ शहर में 679.76 लाख की लागत से तैयार वर्कशॉप के नए भवन का उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री जिला को विभिन्न अमृत सरोवर सहित, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, सिंचाई व अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के नागरिकों को वर्चुअल माध्यम से अपना संदेश भी देंगे। पंचायत भवन में इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।