संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। विकास कार्य न होने को लेकर मुखर रहने वाले शहरवासियों को अब विकास की उम्मीद जगी है। नगर पालिका हाउस की बैठक शुक्रवार को हंगामे के साथ शुरू हुई पांच घंटे तक चली और 15 करोड़ रुपये से 50 विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। इन कार्यों में शहर की सड़कों की मरम्मत, निर्माण, चौक-चौराहों का सुंदरकरण आदि कार्य शामिल हैं।
नगर पालिका की बैठक 11 बजे शुरू हुई जो शाम चार बजे तक चली। बैठक में 15 वार्ड पार्षदों ने 33 प्रस्ताव रखे और हाउस के एजेंडे में शामिल 17 प्रस्तावों पर एकमत से सहमति जताई। अब स्वीकृति के लिए प्रस्ताव जिला नगर आयुक्त को भेजे जाएंगे। बैठक शुरू होते ही कुछ पार्षदों ने कार्रवाई रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया जिसको लेकर कुछ देर तक हंगामा हुआ। एक पार्षद ने पुलिस की उपस्थिति में बैठक कराने की कही तो सभी पार्षद शांत हुए। सभी पार्षद शहर के विकास को लेकर एकजुट नजर आए। 15 वार्ड पार्षदों ने कुल 33 प्रस्ताव रखे गए जिनमें गलियों का निर्माण व डिवाइडर, नालों पर पक्का पुल बनाने, स्ट्रीट लाइटें लगाने आदि के प्रस्ताव शामिल थे। वहीं पूर्व में ही बैठक में प्रमुखता से हाउस के मुख्य 17 एजेंडों पर मंथन कर सभी को पास किया गया।
दो माह में विकास कार्य शुरू कराने के किए दावे
नगर पालिका की बैठक में शहर के 13 पार्षद शामिल हुए। बैठक से पूर्व ही महिला पार्षदों के प्रतिनिधियों को बैठक से बाहर कर दिया गया। दो पार्षद किन्हीं कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन हाउस का कोरम पूरा था। पांच घंटे मंथन के बाद सभी पार्षदों ने एमई दिनेश कुमार व जेई मनोज कुमार से शीघ्रता से प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। अधिकारियों एवं पार्षदों ने दावा किया कि सभी 50 प्रस्तावों को दो माह के समय में धरातल पर उतारा जाएगा।
इन प्रस्तावों पर लगी मुहर :
- शहर में 2300 स्ट्रीट लाइट और दो हजार नई लाइट लगाने, मोदाश्रम मंदिर के पास टूरिस्ट कांपलेक्स बनाने, ऑटो मार्केट के पास खाली जमीन पर नपा का नया भवन बनाने, माजरा चुंगी से फाटक तक सड़क के डिवाइडर को सुंदर बनाने, शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों का सुंदरीकरण करने, नपा कार्यालय में टिनशेड लगवाने व लंबित बिलों की अदायगी करने, सड़कों के पैचवर्क, गलियों के निर्माण, सफाई के लिए टेंडर लगाने, हुड्डा पार्क की मरम्मत व रखरखाव, बेसहारा पशुओं को गोशाला भेजने, बंदरों के आतंक से निजात दिलाने का प्रस्ताव पास हुआ। इसके अलावा शौचालयों की सफाई व रखरखाव,
कॉलेज से कैंची मोड़ तक नाले का निर्माण, पुराने नारनौल रोड की चौड़ाई बढ़ाने, नपा के विज्ञापन क्षेत्र के टेंडरों को रद्द कर दोबारा टेंडर लगवाने, शहर को हरभरा करने के लिए पौधे लगवाने, सतनाली चौक को महाराणा प्रताप चौक, कैंची मोड़ पर ज्योतिबा फूल चौक व माजरा चुंगी को रेजांगला चौक के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पास किए गए।
- वर्जन:
बैठक में सर्वसम्मति से 50 प्रस्तावों को पास कर स्वीकृति के लिए जिला नगर आयुक्त को भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। प्रस्तावित विकास कार्य दो माह के अंदर शुरू कराने का प्रयास होगा। योजनाबद्ध तरीके से शहर का विकास कराया जाएगा। शहर के विकास को लेकर पार्षद अब एकजुट हैं। - रमेश सैनी, नगर पालिका प्रधान महेंद्रगढ़।