महेंद्रगढ़। युवा इंकलाब संगठन की ओर से नसीबपुर में शहीद स्मारक बनाने तथा महेंद्रगढ़ के पार्क का नाम शहीदों के नाम रखने की मांग को लेकर आक्रोश बाइक रैली निकाली। बाइक रैली नसीबपुर के शहीद स्मारक से शुरू होकर महेंद्रगढ़ के हुड्डा पार्क में समाप्त हुई। शहीदों के सम्मान और हक के लिए निकाली रैली का विभिन्न गांवों में स्वागत किया गया। हुड्डा पार्क में हरियाणा के प्रसिद्ध गायक केडी ने गीतों के माध्यम से महेंद्रगढ़ के शहीदों का इतिहास बताया।
गांव नसीबपुर में युवाओं को संबोधित करते हुए इतिहासकार जसवंत प्रभाकर ने कहा कि देश की आजादी से लेकर रेजांगला युद्ध में क्षेत्र के शहीदों ने दुश्मनों की धूल चटाई है। लेकिन आज की युवा पीढ़ी को अपने पूर्वजों के इतिहास की जानकारी नहीं है। इसलिए सरकार को नसीबपुर में शहीद स्मारक बनाकर क्षेत्र के शहीदों को उनका सम्मान देना चाहिए।
पूर्व पार्षद व युवा इंकलाब संगठन के अध्यक्ष कुलदीप सुरजनवास ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2017 में अंबाला व महेंद्रगढ़ के गांव नसीबपुर में शहीद स्मारक बनाने की घोषणा की थी। अंबाला में शहीद स्मारक का कार्य अंतिम चरण में है, लेकिन यहां के अधिकारी सात साल बीतने के बाद भी कागजी कार्रवाई में उलझे हुए हैं। यादव सभा के प्रधान एडवोकेट अभयराम यादव ने हरियाणवी गायक केडी का शाल पगड़ी पहनकर स्वागत किया।
बाइक रैली के समापन पर शहर के हुड्डा पार्क में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें हरियाणवी कलाकार कुलदीप धन्नौदा (केडी) ने क्षेत्र के युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत की। उन्होंने अपने देशभक्ति गीतों से देर तक तक शानदार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कौथल के सरपंच परमजीत, सुरजनवास के सरपंच संजय कुमार, देवास के सरंपच प्रतिनिधि मनोज कुमार, झुक के सरपंच प्रतिनिधि अनिल कुमार, कुलदीप जासावास, खंड समिति सदस्य रणबीर सिंह, दीपक सुरजनवास, सचिन तंवर, कुलभूषण, पूर्व सरपंच गोदाराम, विजय खेडा, डॉ. देवेंद्र, पुनीत रिवासा मौजूद रहे।