नांगल चौधरी। अवैध नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ जिला पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए पुलिस टीम ने नांगल चौधरी क्षेत्र से नशीले पदार्थ के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने 2 किलो 354 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। आरोपियों की पहचान मंजीत निवासी मिठ्ठा थाना बहणी मियाखा जिला गुरदासपुर पंजाब और लखा सिंह निवासी हरिपुर थाना आदमपुर जिला जालंधर पंजाब के रूप में हुई। आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए नारनौल की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान हाईवे 148बी पर सिरोही बहाली टोल प्लाजा के पास मौजूद थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि ट्रक में रबड़ प्लाई के बीच नशीला पदार्थ छिपाकर लेकर जा रहा है। अगर नाकाबंदी कर चैकिंग की जाए तो आरोपियों को नशीले पदार्थ सहित पकड़ा जा सकता है। इस सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर चैकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद कोटपुतली की तरफ से एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। टीम द्वारा ट्रक को रुकवाकर पूछताछ की गई, जिसमें चालक ने अपना नाम चालक मंजीत निवासी मिठ्ठा और हेल्पर चालक ने लखा सिंह निवासी हरिपुर बताया। ट्रक को चेक करने पर रबड़ प्लाई के बीच 2 किलो 354 ग्राम नशीला पदार्थ डोडा पोस्त (भुक्की) बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ नांगल चौधरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और नशीले पदार्थ व ट्रक को जब्त कर लिया गया।