फोटो 30जेएनडी16-जिला एफएलएन कार्यालय में हुए विशेष समारोह में शामिल हुए बच्चे। स्रोत कर्मचारी
जींद। निपुण हरियाणा मिशन के पांच वर्ष पूरे होने पर वीरवार को जिला एफएलएन कार्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक एफएलएन राजेश वशिष्ठ ने टीम के साथ मिशन की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का संकल्प लिया। राजेश वशिष्ठ ने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन के पांच वर्ष पूरे होना केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि लाखों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने की प्रेरणादायक यात्रा है। उन्होंने कहा कि मिशन के माध्यम से आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान एफएलएन को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव विद्यालयों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने जिला मौलिक शिक्षा विभाग, विद्यालय मुखियाओं, शिक्षकों, मेंटर्स, एफएलएन समन्वयकों, शैक्षणिक सहयोगियों और अभिभावकों के योगदान की सराहना की। समारोह में मिशन की पांच वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के लक्ष्यों को लागू करने में निपुण हरियाणा मिशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिससे बच्चों की भाषा, पठन, लेखन और गणनात्मक दक्षता में निरंतर सुधार हुआ है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने कविता पाठ, भाषण, हिंदी पठन, सुंदर लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बच्चे को सीखने का अवसर सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।