नारनौल। अमृत महोत्सव की शृंखला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल 4 सितंबर को डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम करनाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जिले की 28 करोड़ 55 लाख 91 हजार रुपये की 6 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वे प्रदेश भर की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे।
उपायुक्त डॉ. जयकृष्ण आभीर ने बताया कि स्थानीय स्तर पर यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री ठीक 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। वे महेंद्रगढ़ की 6 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। बताया कि मुख्यमंत्री 363.36 लाख रुपये की लागत से जिले के गांव मालड़ा बास में तैयार प्राइमरी हेल्थ सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी हैं। यह हेल्थ सेंटर बनने के बाद आसपास के गांवों के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसके अलावा 234.40 लाख रुपये की लागत से लघु सचिवालय के प्रांगण में बने ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस का भी उद्घाटन करेंगे। इसमें आधुनिक स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं ताकि ईवीएम व वीवीपैट पूरी तरह सुरक्षित रहें।
यह वेयर हाउस सभागार भवन के पीछे बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री इसी दिन 565.65 लाख रुपये की लागत से पीजी कॉलेज नारनौल में तैयार किए गए मल्टीपरपज हाल तथा 360.89 लाख रुपये से तैयार 12 नए क्लासरूमों का भी उद्घाटन करेंगे। अब कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त कक्ष उपलब्ध रहेंगे। डीसी ने बताया कि इसके अलावा लगभग 767.04 लाख रुपये से तैयार आईटीआई सतनाली और 564.57 लाख रुपये की लागत से तैयार आईटीआई सेहलंग का उद्घाटन करेंगे। आईटीआई में पढ़कर छात्र अब अपना कौशल विकास आसानी से कर सकेंगे।