मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए तैयारियों का जायजा लेती उपायुक्त मोनिका गुप्ता।
नारनौल। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने जनसंवाद के कार्यक्रमों की कड़ी में आगामी 24 से 26 मई तक जिले में जन संवाद कार्यक्रम में लोगों से सरकार की नीतियों के बारे में फीडबैक लेंगे। जन संवाद कार्यक्रमों की कड़ी में यह पांचवां जिला है। इस संबंध में डीसी मोनिका गुप्ता ने सोमवार को जिला के गांव बलाहा कलां में पहले कार्यक्रम स्थल का दौरा करके तैयारियों का जायजा लिया।
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री का यह जनसंवाद कार्यक्रम ग्रामीण परिवेश में बिल्कुल साधारण तरीके से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। पार्किंग से लेकर अन्य सभी प्रकार की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री 24 मई को गांव बलाह कलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, निजामपुर में व्यायामशाला में व गांव मौसनूता के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। इसी प्रकार 25 मई को गांव ढाणी बाठोठा के ज्ञान केंद्र में, मंडलाना के ज्ञान केंद्र में व गांव सीहमा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। उन्होंने बताया कि 26 मई को गांव नांगल सिरोही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, बवानियां में खेल का मैदान नजदीक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व सतनाली के सामुदायिक केंद्र में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अब तक भिवानी, पलवल, कुरुक्षेत्र और सिरसा जिले को कवर किया है। अब इस जन संवाद कड़ी का अगला पड़ाव महेंद्रगढ़ जिला में होगा और यहां मुख्यमंत्री 24 से 26 मई तक 3 विधानसभा क्षेत्रों के 9 गांवों में जन संवाद कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, एसडीएम नारनौल मनोज कुमार, बीएंडआर से कार्यकारी अभियंता अश्वनी कुमार व बीडीपीओ प्रमोद कुमार मौजूद रहे।