रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत रेलवे महाप्रबंधक को भेजी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उत्तर पश्चिमी रेलवे के जयपुर स्थित महाप्रबंधक को भेजी शिकायत में गांव गहली निवासी राजवीर ने बताया कि वह स्नातक पढ़ा हुआ बेरोजगार है। उसकी जान पहचान गांव नसीबपुर में जगदीश से है। जगदीश ने बताया कि उसका जानकार आदमी रेलवे में पैसे लेकर नौकरी लगवाता है जिसके बाद उसने गुरुग्राम के नवीन कुमार से उसकी मुलाकात करवाई जो हनुमानगढ़ राजस्थान में रेलवे में कार्यरत है। उसने कहा कि उसकी उच्चाधिकारियों के साथ जानकारी है तथा पैसे लेकर वह टिकट चेक करने के लिए रेल विभाग में लगा देगा। इसके लिए उसने 8 लाख रुपये की मांग की। वह उनकी बातों में आ गया। जिसके बाद उसने कागजात ले लिए तथा फार्म भरने के लिए बुलाया। इस प्रकार उसने पांच लाख रुपये नसीबपुर गांव में जगदीश के सामने लिए तथा 50 हजार 3 दिसंबर 2021 को फोन पे और 30 हजार बैंक में इसी दिन उसके खाते में जमा करवाए। 4 दिसंबर को 30 हजार और 20 हजार रुपये 9 दिसंबर को तथा 24 दिसंबर को 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इस प्रकार उसके खाते में 7 लाख 5000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। उस पर नौकरी का दबाव डालने पर उसने 20 जून 2022 को जयपुर रेलवे स्टेशन पर बुलाया, लेकिन उसने फोन बंद कर लिया। काफी देर तक इंतजार करता रहा, लेकिन उसका फोन बंद ही रहा। इसके बाद उसने वापस आकर दिए हुए पैसे मांगने शुरू किए तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया तथा उसे झूठे आश्वासन देता रहा। इसके बाद उसने इसकी शिकायत रेलवे महाप्रबंधक को भेजी है।