नारनौल। नगर परिषद(नप) द्वारा मंगलवार को दूसरे दिन भी शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण अभियान शहर के महावीर मार्ग से शुरू हुआ जो पुल बाजार, मानक चौक व आजाद चौक तक चला। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल के निर्देश पर जेई प्रवीण कुमार के नेतृत्व में नप कर्मचारी व चालक अतिक्रमण हटाने बाजार में पहुंचे।
नगर परिषद की टीम जैसे ही कार्यालय से अतिक्रमण हटाने के लिए निकली तो इसकी जानकारी पहले ही बहुत से दुकानदारों को लग गई और उन्होंने टीम के पहुंचने से पहले ही अपना सामान हटा लिया। नगर परिषद की टीम जैसे ही अतिक्रमण हटवाते हुए आगे निकली तो बहुत से दुकानदारों ने फिर से अपना सामान दुकानों के बाहर रख लिया। नगर परिषद के अतिक्रमण अभियान की आमजन तारीफ कर रहा है। लोगों का कहना है कि जब तक नप की टीम बाजार में रहती है तब तक तो अतिक्रमण हट जाता है और टीम के जाते ही फिर से वही हाल हो जाता है। लोगों का कहना था कि नगर परिषद को बजाय दुकानदारों को सामान उठाने के दुकान से बाहर सामान रखने वालों का चालान काटना चाहिए तभी जाकर यह व्यवस्था सुधर सकती है।
नगर परिषद टीम पर भेदभाव का लगाया आरोप
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत जब नगर परिषद की टीम मुख्य बाजार में निकली तो कई जगह दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया। कई जगह दुकानदारों ने नप टीम पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर परिषद के अधिकारी बहुत से लोगों को छोड़ देते है। उन्होंने कहा कि महावीर मार्ग में बहुत से दुकानदार ऐसे हैं, जिन्होंने दुकानों के बाहर तख्त रखे हुए जिनके कारण सबसे ज्यादा अतिक्रमण हो रहा है। उन्होंने कहा कि नप टीम उन पर तो कार्रवाई करती नहीं और जिनका थोड़ा बहुत सामान या बोर्ड बाहर रखा रहता है तो उसे उठाकर ले जाती है। कई जगह दुकानदारों ने नप टीम पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए उनके साथ हंगामा किया।
लगातार चलाया जाएगा अभियान
नगर परिषद टीम ने महाबीर चौक से आजाद चौक तक चार दुकानदारों का चालान भी काटा गया। वहीं सोमवार को 2 चालान काटे गए। नगर परिषद द्वारा यह अभियान लगातार चलाने की बात कहीं जा रही है।
सब्जी मंडी में मारपीट तक आई बात
नगर परिषद टीम आजाद चौक पर स्थित सब्जी मंडी में पहुंची और दुकानों के आगे रखा सामान उठाकर ट्राॅली में रखने लगी। इस बीच दुकानदारों ने विरोध करना शुरू कर दिया और ट्राॅली में डाला सामान नीचे उतार लिया। वहीं दुकानदार नप टीम कर्मियों के मारपीट करने लग गए। इस दौरान एक बुजुर्ग दुकानदार ने युवकों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं माने।
शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर परिषद ने शहर में मंगलवार को सुबह से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सुबह सभी मार्गों पर लगे फ्लेक्स व बोर्ड आदि हटाए गए। इसके बाद दोपहर में बाजार की सड़कों पर अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान बगैर किसी भेदभाव के चलाया जा रहा है और जब तक यह पूरी तरह से नहीं हट जाता तब तक यह जारी रहेगा।
-दीपक गोयल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, नारनौल।