नारनौल। सिरोही बहाली स्थित टोल प्लाजा पर कुछ लोगों द्वारा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ कर्मचारी को धमकी देने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत टोल प्लाजा कर्मचारी ने नांगल चौधरी थाने में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में योगेंद्र प्रताप ने बताया कि बुधवार सुबह करीब सवा 11 बजे लाइन नंबर 14 से नारनौल साइड से एक बोलेरो कैंपर तेजी से आई जिसमें कर्मपाल उर्फ कर्मा निवासी ढाणी जाजमा और लक्की निवासी नूनिया नांगल सहित दो-तीन अन्य व्यक्ति बैठे हुए थे। उन्होंने टोल प्लाजा के बूम को तोड़ते हुए बिना टोल दिए चले गए। जिससे टोल प्लाजा की सम्पति जिसमें यूएफडी डिस्प्ले व बूम को नुकसान हुआ। बूम तोड़ने के तुरंत बाद ये लोग गाड़ी घुमाकर वापिस आए बूथ पर गाड़ी को खड़ा कर जाम लगा दिया। वहीं कर्मचारियों को धमकाने लगे। शिकायतकर्ता ने बताया कि कर्मपाल उर्फ कर्मा पर पहले भी इस टोल पर फिरौती मांगने का मुकदमा चल रहा है। उक्त घटना से दोबारा सभी कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया है। इसलिए इनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उक्त सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।