नारनौल। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर कुछ लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी व मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। शिकायत में गांव गहली निवासी दीपचंद ने बताया कि वह जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है। जमीन को लेकर उनका व गांव के अर्जुन, भीम सिंह व हरीश का अदालत में दीवानी मामले चल रहे हैं, इसलिए उक्त लोग उससे व उसके परिवार से रंजिश रखते हैं।
गत 12 सितंबर को उक्त लोगों ने उसके लड़के सुरेंद्र को चोटें मारी और जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुलिस चौकी गहली में दी गई, परंतु उक्त शिकायत पर पुलिस द्वारा गांव के व्यक्तियों की मौजूदगी में राजीनामा करवा दिया। इस पर 14 अक्तूबर को उसने अपनी शिकायत वापस ले ली थी, मगर शिकायत वापस लेने के उपरांत उक्त लोगों ने उसके लड़के सुरेंद्र के साथ लाठी डंडों से मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वह मौके पर पहुंचकर अपने लड़के को छुड़वाना चाहा तो उक्त सभी ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद उसने पुलिस चौकी गहली में शिकायत दी गई, मगर पुलिस द्वारा शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर अदालत में इस्तगासा डालकर उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की गई। इसके बाद पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया।