नारनौल। अवैध खनन के मामले में नांगल चौधरी पुलिस ने खनन विभाग की शिकायत पर तीन वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
खनन विभाग ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है 7 मई को सायं करीब छह बजे अवैध खनन की रोकथाम के लिए विभाग के खनन निरीक्षक दीपक कुमार, पुनीत कुमार, पंकज कुमार, संदीप कुमार, राकेश कुमार, विनोद कुमार द्वारा गांव तोताहेड़ी भोजावास बस स्टैंड नजदीक ट्रैक्टर-ट्राली की जांच की तो वाहन चालक ट्राली को छोड़कर ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। खनन निरीक्षक दीपक कुमार ट्राली को अवैध खनिज बजरी भरा होने पर सीज गया। वहीं वाहन चालक पर अवैध खनन पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन उक्त चालक ने अभी तक जुर्माना राशि जमा नहीं करवाई है। इसी प्रकार 13 मई सुबह दो बजे के करीब खनन विभाग की टीम ने गांव आंतरी में ठाकुर मंदिर के नजदीक वाहन की जांच की गई लेकिन चालक वाहन को छोड़कर भाग गया। उक्त वाहन को अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर सीज किया गया। वाहन मालिक रामसिंह को जुर्माना भरने के लिए कार्यालय द्वारा नोटिस दिया गया है। मगर उक्त वाहन मालिक ने जुर्माना राशि जमा नहीं करवाई है।
वहीं 12 मई को सुबह करीब साढ़े 11 बजे पर अवैध खनन की रोकथान टीम द्वारा एक वाहन को नांगल चौधरी-बहरोड़ रोड पर चैक किया गया। वाहन चालक मोलाराम गांव दोखेरा द्वारा मौके पर कोई बिल/ई-रवाना नहीं पेश की। जिस पर उक्त वाहन नांगल चौधरी में सीज किया गया। वहीं वाहन मालिक को जुर्माना राशि भरने के लिए दो बार नोटिस दिए गए, लेकिन वाहन मालिक ने जुर्माना राशि भरने बारे में कार्यालय से कोई संपर्क नहीं किया। इस पर खनन विभाग ने तीनों वाहन मालिकों के खिलाफ अवैध खनन की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग को लेकर नांगल चौधरी पुलिस में दी शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।