नांगल चौधरी। नारनौल-पनियाला मोड़ नेशनल हाईवे 148 बी पर कांवी पुल के नजदीक एक ब्रेजा कार चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर गाड़ी चालक मौके से भाग निकला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रतनलाल निवासी दोस्तपुर ने बताया कि उनका बेटा रविंद्र अपनी मां के साथ स्कूटी पर सोमवार को रेवाड़ी से अपने घर आ रहे थे। उसे सूचना मिली कि शाम करीब सवा चार बजे उनका नेशनल हाईवे 148 बी पर कांवी पुल के नजदीक एक्सीडेंट हो गया। वह सीताराम के साथ जब बाइक से घटनास्थल पर पहुंचा तो स्कूटी व ब्रेजा गाड़ी क्षतिग्रस्त मिली। पूछताछ पर पता चला कि ब्रेजा गाड़ी चालक ने गलत दिशा में तेज गति गफलत में गाड़ी चलाकर सही दिशा में नांगल चौधरी की ओर से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद वे नारनौल सरकारी अस्पताल में पहुंचे। वहा पता चला कि दुर्घटना में उनकी पत्नी शकुंतला देवी की मौत हो गई। जब उसने अपने लड़के रविंद्र से बात की तो उसने उपरोक्त जानकारी दी। पीड़ित परिजन की शिकायत पर पुलिस ने ब्रेजा गाड़ी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।