कनीना। उपमंडल के गांव अगिहार व खरकड़ा बास के बीच युवक से लूट के मामले में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। कनीना सदर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को वारदात को अंजाम देने के बाद लोगों की सहायता से काबू किया गया था। आरोपियों की पहचान चरखी दादरी जिले के गांव चिड़िया निवासी सुधीर व रेवाड़ी जिले के साबन निवासी नवीन के रूप में हुई थी। गांव धनौंदा निवासी संदीप उर्फ मनोज की शिकायत पर पुलिस विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। बता दें कि संदीप उर्फ मनोज शनिवार को करीब दस बजे गांव अगिहार स्थित दुकान पर जा रहा था तो आरोपियों ने दोनों गांवों के मध्य मोड़ पर बाइक धीमी होने के बाद आंखों में मिर्ची पाउडर मार कर बैग लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बैग में करीब 1.80 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण एवं 19 हजार की नकदी थी। एक घंटे बाद आरोपियों को पकड़ने बैग को मनोज के हवाले कर दिया था जिसमें दो सोने की अंगूठी व 19 हजार रुपये का नकदी गायब मिली थी। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।