साइबर थाना पुलिस ने एसपी के नाम व फोटो लगाकर लोगों से पैसे की डिमांड करने पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
साइबर थाने में दर्ज शिकायत में हेड कांस्टेबल घनश्याम ने बताया कि वह साइबर सेल में इंचार्ज के रूप में कार्यरत है। 16 नवंबर को कई पुलिस अधिकारियों के उनके पास फोन आए कि एसपी के नंबर बदल गए हैं क्या, क्योंकि सभी सरकारी नंबरों की देखरेख वह ही करता हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि एक फोन नंबर की व्हाट्सएप डीपी पर एसपी की वर्दी सहित फोटो लगी हुई है तथा नीचे नाम भी विक्रांत भूषण लिखा हुआ है और उक्त द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से पैसे की डिमांड कर रहा है। इस बारे में उन्होंने एसपी के निजी स्टाफ से बात की तथा मोबाइल नंबरों के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि उक्त नंबरों को एसपी विक्रांत भूषण ने कभी प्रयोग नहीं किया। इस प्रकार उक्त नंबर एसपी की वर्दी सहित फोटो लगाकर लोगों के साथ ठगी कर रहा है। साइबर सेल ने भारतीय दंड संहिता की धारा 186, 170, 419 के अलावा आईटी एक्ट की धारा 66 ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।