मसानी चौक पर बुधवार को राज्य परिवहन की तीन बसें नहीं पहुंचने से गुस्साई छात्राओं ने राज्य परिवहन के खिलाफ करीब दो घंटे नारेबाजी कर हंगामा किया। बुधवार दोपहर बाद छात्राएं शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग सेंटरों से मसानी चौक पहुंची तो एक के बाद एक तीनों की बसें समय पर नहीं पहुंची। मसानी चौक से बवानिया तक छात्रा स्पेशल बस 1.15 बजे, इसके अलावा दूसरी राज्य मसानी चौक से कुंड वाया भोजावास 2.15 बजे तथा तीसरी 2.40 बजे बवानियां, गागड़वास, बचीनी, नांगल हरनाथ व झगड़ोली जाने वाली तीनों ही बसें नहीं पहुंची। घंटों इंतजार के बाद गुस्साई छात्राओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। छात्राएं राज्य परिवहन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद जब पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर शहर थाना प्रभारी देवेंद्र दल बल सहित पहुंचे तथा उन्होंने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्राएं बसों को मौके पर ही बुलाने की मांग पर अड़ी रही।
एक दर्जन से अधिक गांवों की छात्राएं करतीं रही इंतजार
बुधवार को दोपहर बाद तीनों ही बसें नहीं पहुंचने के कारण गांव डुलाना, मेघनवास, चितलांग, देवास, सुरजनवास, खेड़ा, मुंडायन, बवानियां, गागड़वास, बचीनी, हरनाथ नांगल, सुंदरह, भोजावास, गोमला, गोमली, ऊंचा, नीचा, नांगल मोहनपुर व भैरू का बास व कुंड आदि गांवों की 100 से अधिक छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस मार्ग पर अन्य यातायात के साधन नहीं होने के कारण छात्राओं को इन बसों पर भी निर्भर रहना पड़ता है।
थाना प्रभारी ने जीएम से बात कर एक बस का किया प्रबंध
हंगामे की सूचना पाकर पहुंचे शहर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने राज्य परिवहन के महाप्रबंधक नारनौल से बातचीत कर एक बस की व्यवस्था कराई। एक बस होने के कारण छात्राओं को भी घर पहुंचने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।
बुधवार को दो बसें खराब होने के कारण व्यवस्था नहीं हो पाई। छात्राओं की समस्या को देखते हुए 2.50 बजे एक बस ग्रामीण रूटों से होते हुए भेजी गई थी। वीरवार को समय पर तीनों बसों का संचालन होगा।
-हवा सिंह, अड्डा इंचार्ज, राज्य परिवहन, महेंद्रगढ़।