नारनौल। राजस्थान के जयपुर में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद हालात खराब होने की वजह से बसों के रूट भी प्रभावित हुए हैं। इस मामले के बाद नारनौल डिपो से चलने वाली बसों को जयपुर व अलवर के लिए बंद कर दिया था। इसमें बुधवार को दोपहर बाद जयपुर व अलवर जाने वाली बसों को बीच रास्ते से ही वापस आना पड़ा। वहीं वीरवार को थोड़ा मामला शांत हुआ तो सुबह बाद राजस्थान जाने वाली सभी बसे अन्य दिनों की तरफ से दौड़ती नजर आई। राजस्थान में अनेक जगहों पर राजपूत समाज के लोगों द्वारा सड़क को जाम कर दिया गया था। इसकी वजह से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। नारनौल डिपो के डीआई नरेश कुमार ने बताया कि बुधवार को दोपहर बाद अलवर जाने वाली बस बहरोड़ के पास से वापिस आ गई थी, वहीं जयपुर जाने वाली बस कोटपुतली से जाम लगने की वजह से वापिस आ गई थी। हालांकि वीरवार को थोड़े सामान्य हालात होने की वजह से जयपुर व अलवर के लिए बस रवाना कर दी गई।