महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ शहर में शुक्रवार को बेसहारा सांड़ों ने जमकर आतंक मचाया। पहली घटना बस स्टैंड की पार्किंग के नजदीक हुई जहां छह बेसहारा सांड़ हिंसक होकर लड़ने लगे। इसी दौरान एक सांड़ घायल हो भी हो गया। वहीं एक अन्य घटना में सब्जी मंडी के व्यापारी गोविंद सैनी भी मंडी में दो सांड़ों की आपसी लड़ाई के दौरान चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
शहर में सांड़ों द्वारा दो स्थानों पर मचाए उत्पात के बाद अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने घटनाओं पर रोष जताते हुए नगरपालिका प्रधान से शहरवासियों को बेसहारा गोवंश से लगातार हो रहे हादसों से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
वहीं बस स्टैंड पर आपस में लड़ रहे सांड़ों को छुड़ाने का प्रयास किया तो हिंसक सांड़ों ने लोगों को भी मारने का प्रयास किया। शुक्रवार सुबह चार बजे बस स्टैंड की पार्किंग में छह बेसहारा सांड़ आपस में लड़ने लगे। इस दौरान दो बाइकों को भी चपेट में लेकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सांड़ों की लड़ाई के दौरान एक सांड पार्किंग की जाली में उलझकर बुरी तरह जख्मी हो गया। लोगों ने नारनौल रोड स्थित श्री श्याम विकलांग गो उपचारशाला में सूचना देकर एंबुलेंस मंगवाई। समाजसेवी रामनिवास पाटोदा, बस स्टैंड इंचार्ज वेदप्रकाश व बस स्टैंड के अनेक कर्मचारियों ने घायल सांड़ को गोशाला पहुंचाया।