फोटो संख्या:67- सेहलंग में आयोजित रक्तदान शिविर में र क्तदाताओं को बैज लगाते मुख्यातिथि व
कनीना। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गांव सेहलंग में स्व. गौरव सेहलंगिया की तीसरी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में 71 यूनिट रक्तदान किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी कुलदीप यादव ने किया था। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक समिति चेयरमैन जय प्रकाश ककराला रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि स्व. गौरव सेहलंगिया की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर जैसे पुनीत कार्य का आयोजन करना पुण्यात्मा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज का यह रक्तदान शिविर जिनकी स्मृति में लगाया जा रहा है, उनकी सोच हमेशा समाजसेवा के लिए संकल्पित थी। रक्त जिंदगी का सबसे अनमोल रत्न है। एक बार दिया रक्त कई लोगों के चेहरे और जिंदगी में खुशी ला सकता है। विशिष्ट अतिथि चेयरमैन जय प्रकाश ककराला ने कहा कि रक्त किसी फैक्टरी में नहीं बनता इसलिए रक्तदान करके किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। स्वस्थ व्यक्ति को तीन से चार महीने में रक्तदान करते रहना चाहिए। रक्तदान शिविर में रमेश क्रांति सेहलांगिया, जिला रेडक्रॉस समिति के सदस्यों व प्राथमिक चिकित्सा केंद्र सेहलंग टीम का विशेष सहयोग रहा।