फोटो नंबर-19नांगल चौधरी के गांव निजामपुर में जनसभा को संबोधित करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा।
निजामपुर। प्रदेश में हर कोने से एक ही आवाज आ रही है, भाजपा जा रही है कांग्रेस आ रही है। कभी हरियाणा खुशहाल था, लेकिन भाजपा ने दस साल में प्रदेश का बुरा हाल कर दिया है। अब प्रदेश बेरोजगारी, नशे, अपराध, भ्रष्टाचार व महंगाई में देश में नंबर वन पर पहुंच गई है। उक्त बात नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के निजामपुर में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो गरीब किसानों की परवाह नहीं की। इस सरकार ने फैमिली आईडी तो किसी को प्रॉपर्टी आईडी में उलझा दिया। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि निजामपुर में जब वह पहले आया था तो एक गांव के व्यक्तियों ने बताया कि वह जिन लोगों के पास बैठे हैं, वह सरकारी रिकार्ड में ही नहीं है। उन्हें सरकार ने मृत घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच साल से कोई भर्ती नहीं हुई है। इस सरकार ने गरीब व किसान की परवाह नहीं की। प्रदेश के युवाओं को अब पक्की नहीं कच्ची नौकरी भाजपा दे रही है।
उन्होंने कहा कि एक साल तक किसानों का आंदाेलन चला था, लेकिन उनकी सुध नहीं ली। भाजपा ने हर वर्ग को सड़क पर लाने को मजबूर कर दिया है। कर्मचारी हो या फिर सरपंच पर भी लाठी बरसाने का काम किया। हरियाणा की पहलवान बेटियों को भाजपा सरकार ने न्याय नहीं दिया। इस सरकार ने अगड़े से लेकर पिछड़े लोगों तक लोगों को परेशान किया है। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।