नारनौल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के बारहवीं कक्षा के वार्षिक नतीजे बोर्ड ने जारी कर दिए। इस बार प्रदेश में टॉप विद्यार्थियों की सूची में जिला स्थान नहीं बना पाया लेकिन पास प्रतिशत के मामले में महेंद्रगढ़ जिला पूरे प्रदेश भर में दूसरे स्थान पर रहा है। महेंद्रगढ़ जिले में 88 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। यह आंकड़ा प्रदेश में पहले स्थान पर रहे रेवाड़ी जिले से मात्र .10 प्रतिशत ही कम है। रेवाड़ी जिला पास प्रतिशत के मामले में 88.10 प्रतिशत के पास पहले और महेंद्रगढ़ जिला 88 प्रतिशत के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है।
जिले की बात करें तो बारहवीं की परीक्षा में इस बार 9005 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 7924 बच्चे पास हुए हैं। इसके अलावा 1081 छात्र क्वालीफाई नहीं कर सके। ऐसे में पास प्रतिशत 88 प्रतिशत रहा। खास बात यह है कि पिछले दो साल में जिले का हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। कोरोना कॉल से पहले बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिला पूरे प्रदेश में 16वें स्थान पर था जबकि 2022 में कोरोना के बाद हुई पहली बोर्ड परीक्षा में जिला 7वें स्थान पर पहुंच गया था। इस बार जिले में 5 कदम आगे बढ़ाते हुए प्रदेश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
पास प्रतिशत हुआ कम
इस बार जिला बेशक प्रदेश में पास प्रतिशत के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गया हो, लेकिन यह पिछले साल के मुकाबले कम है। पिछले साल यानी 2022 में जिले का पास प्रतिशत 88.70 प्रतिशत था जबकि इस बार यह केवल 88 प्रतिशत ही है।
प्राइवेट का परिणाम 27.10 प्रतिशत रहा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ओपन का भी परिणाम जारी किया गया है। इसमें जिले के 155 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें से केवल 42 बच्चे ही पास हुए जबकि 113 बच्चे क्वालीफाई नहीं हुए हैं। इनका पास प्रतिशत केवल 27.10 प्रतिशत रहा है।
जिले को टॉपर बनाने का किया जाएगा प्रयास : डीईओ
12वीं का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। इस बार 88 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। पिछले साल जिला 7वें नंबर पर था, लेकिन इस बार पांच पायदान ऊपर 2 नंबर पर आ गया है। अगली बार टॉप वन पर लाने का काम किया जाएगा। वह सभी विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने पर बधाई देता हूं।
सुनील दत्त, जिला शिक्षा अधिकारी