नारनौल। नागरिक अस्पताल नारनौल में उपचार के लिए जिले सहित पड़ोसी राज्य के सीमावर्ती गांव के लोग भी आते हैं। अस्पताल भवन के छज्जे और दीवार पर मधुमक्खी के छत्ते लगे हुए हैं।
भवन पर जिस जगह मधुमक्खी के छत्ते लगे हैं, उसमें गायनी वार्ड, सर्जिकल वार्ड और ऑपरेशन थिएटर शामिल है। इस भवन में सिजेरियन के मरीजों को भर्ती किया जाता हैं। वहीं सर्जिकल वार्ड की कुछ खिड़कियों की जाली भी कई जगह से कटी हुई हैं। ऐसी स्थिति में मधुमक्खी के छत्ते से नवजात शिशु, महिला मरीजों और मरीज के साथ आए परिजनों के साथ हादसा होने की संभावना बनी हुई है।
छत्ते हटाने के लिए भी बरतनी होगी सावधानी
अस्पताल भवन में मधुमक्खी के छत्ते को सावधानीपूर्वक हटाया जाना आवश्यक हैं। क्योंकि छत्ते हटाते समय भी मधुमक्खी के काटने का खतरा बना रहेगा। उपचार के लिए आने वाले लोगों ने अस्पताल प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मधुमक्खी के छत्ते को ध्यानपूर्वक जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी की संभावना को खत्म किया जा सके।
भवन के छज्जे की भी जर्जर हालत, गिरने का बना रहता है खतरा
नागरिक अस्पताल के पुराने भवन में गायनी वार्ड, सर्जिकल वार्ड और ऑपरेशन थिएटर बने हुए हैं, लेकिन भवन पुराना होने के कारण इसके छज्जे जर्जर हालत में हैं। भवन के छज्जे का प्लास्टर टूट कर नीचे गिरता रहता है। इससे भवन के नीचे मौजूद व्यक्ति हादसे का शिकार हो सकते हैं।
नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिले, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। भवन के छज्जे पर लगे मधुमक्खी के छत्ते का मामला हमारे संज्ञान में हैं। मधुमक्खी के छत्ते सावधानीपूर्वक हटाए जाने के लिए प्रयास किए जा रहें हैं। जल्द ही छत्ते को हटा दिया जाएगा ताकि मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
डॉ. कंवर सिंह, चिकित्सक अधीक्षक, नागरिक अस्पताल नारनौल।