नारनौल। मामूली कहासुनी को लेकर हत्या करने मामले में सदर थाना नारनौल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नवीन निवासी चिंडालिया के रूप में हुई है। कहासुनी को लेकर आरोपी ने अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को न्यायालय ने पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुशील निवासी चिंडालिया ने सदर थाना नारनौल में शिकायत देते हुए बताया कि वह 3 जून को उनके खेत में गया था, जिसमें शराब का ठेका खोला हुआ है। समय करीब 8 बजे जब वह खेत में पहुंचा तो सामने खेत में झगड़े का शोर सुनाई दिया। शिकायतकर्ता ने जाकर देखा तो उसके चाचा संदीप के साथ नवीन मारपीट कर रहा था। शिकायतकर्ता ने अन्य नामजद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि सभी ने मिलकर उसके चाचा संदीप के साथ मार पिटाई की। इससे उसके चाचा संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने जांच में पता लगाया कि आरोपी व मृतक के बीच मामूली कहासुनी हो गई थी। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मामले के जांच अधिकारी पीएसआई तपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक व आरोपी दोनों शराब के नशे में थे। जिनकी बातों-बातों में कहासुनी हो गई। यह कहासुनी मार-पिटाई में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने फोन करके अन्य परिजनों को बुला लिया। जिन्होंने मिलकर संदीप की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक संदीप हत्या के मामले में सजा काट चुका था।