झज्जर। खरीफ खरीद सीजन 2026-27 में किसानों को फसल बेचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और मंडियों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि मंडियों और खरीद केंद्रों में खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए। किसानों, आढ़तियों, श्रमिकों और खरीद एजेंसियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो। फसल की खरीद के साथ उठान, परिवहन और श्रमिकों की उपलब्धता पर भी खास नजर रखी जाए। अधिकारी आपसी तालमेल से खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखें। डीसी ने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा। किसानों को गेट पास के जरिए मंडी में प्रवेश मिलेगा और उनकी मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। इसके अलावा सतह का समतलीकरण, अलग प्रवेश और निकास द्वार, पेयजल, अस्थायी शौचालय और श्रमिकों के बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी। संवाद