महेंद्रगढ़। कनीना से ककराला जाने वाले रेलमार्ग पर बने अंडरपास के नजदीक रेलवे भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटवाने गई रेलवे सुरक्षा बल(आरपीएफ) की टीम के साथ कहासुनी हुई। सोमवार को जब आरपीएफ की टीम की ओर से ककराला अंडरपास के नजदीक किए गए अतिक्रमण की वीडियोग्राफी की जा रही थी, तो कुछ लोगों ने विरोध करने के साथ-साथ टीम के दुर्व्यवहार किया। आरपीएफ की ओर से कनीना निवासी मुकेश कुमार, दिनेश, होशियार व छोटेलाल के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरपीएफ चौकी प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि ककराला सीएटी-6 अंडरपास के नजदीक कुछ लोगों ने अवैध रूप से रेलवे की 50 मीटर भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ था। पशुबाड़ा बनाकर वहां ट्रेक के पास कचरा डाला जा रहा है। जब टीम अतिक्रमण हटवाने पहुंची तो कुछ लोगों ने दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद कहासुनी भी हुई। इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 145 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं अवैध अतिक्रमण की वीडियोग्राफी करवाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।