कनीना। राजकीय महाविद्यालयों में चल रही दाखिला प्रक्रिया में इस बार विद्यार्थियों की रुचि काफी कम है। दाखिला प्रक्रिया शुरू होने के 16 दिन बीत जाने के बावजूद भी राजकीय महाविद्यालय कनीना में सीटों की संख्या से एक तिहाई भी आवेदन नहीं हो पाए हैं।
काॅलेज की 1200 सीटों पर अभी तक महज 366 विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया है जबकि दाखिले के लिए पंजीकरण कराने में अभी छह दिन का समय शेष है। महाविद्यालय में इस बार बीए की कुल 640 सीटें हैं जिन पर अभी तक 228 विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया है। बीकाम की 160 सीटों पर अभी तक महज 31 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा बीएससी मेडिकल की 80 सीटों पर 28 आवेदन हुए हैं। बीएसई फिजिकल साइंसेज के 380 सीटों पर 79 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए आवेदन किया है।
दो व नौ जुलाई को लगेंगी पहली व दूसरी मेरिट लिस्ट
कनीना महाविद्यालय के प्रवेश नोडल अधिकारी डाॅ. विनोद यादव ने बताया कि दो जुलाई को पहली व नौ को दूसरी मेरिट लिस्ट लगेगी। पहली मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी चार से आठ जुलाई तक व दूसरी मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करने वाले नौ से दस जुलाई तक फीस जमा करवा कर दाखिले ले सकते हैं। सभी विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान यह ध्यान रखना होगा कि अपने दस्तावेजों का सत्यापन शीघ्रता से कराएं। मोबाइल नंबर व ईमेल ध्यानपूर्वक देखकर अंकित करें जिससे किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। सत्यापन के दौरान मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी पर ही ओटीपी आएगा। समय रहते विद्यार्थी दस्तावेजों व अन्य प्रकार की त्रुटियों को दूर करा सकते हैं।