संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। एमएसएमई मंत्रालय भारत सरकार की ओर से एमएसएमई राष्ट्रीय पुरस्कार-2024 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उद्यमी 13 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसमें कुल 44 पुरस्कार हैं। विनिर्माण उद्यमिता के लिए 12, सेवा उद्यमिता के लिए 9, उद्यमों की विशेष श्रेणी के लिए 14 पुरस्कार, जिसमें महिला उद्यमिता, एससी/एसटी श्रेणी, दिव्यांग श्रेणी, एनईआर राज्यों से संबंधित उद्यमी शामिल हैं। वहीं एमएसएमई को संस्थागत समर्थन के लिए 9 पुरस्कार हैं। उद्यम श्रेणी के पुरस्कारों में एक ट्रॉफी, प्रमाण पत्र व 1 से 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि होगी। पात्र एमएसएमई संबंधित श्रेणी में ऑनलाइन आवेदन जमा करेंगे। एक उद्यमी एक से अधिक श्रेणी के पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकता है। पुरस्कार के एमएसएमई विजेताओं को अपने कर्मचारियों को पुरस्कार के प्रतीक के साथ लेबल, पिन, टाई व अन्य विशिष्ट बैज पहनने की अनुमति होगी। इस संबंध में अन्य किसी जानकारी के लिए एमएसएमई विकास कार्यालय आईडीसी कॉलोनी कुंजपुरा रोड करनाल में व 0184-2208100, 2208101 पर फोन कर जानकारी ले सकते हैं।