नारनौल। गांव पटीकरा में शादी में नाचते समय असलहा लहराने और मारपीट के मामले में एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि उर्फ खेतिया निवासी पटिकरा के रूप में हुई है। आरोपी को वीरवार न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुरेंद्र निवासी पटीकरा ने थाना शहर नारनौल में नामजद और अन्य के खिलाफ शिकायत देते हुए बताया कि वह अपने दोस्त के घर लग्न कार्यक्रम में आया हुआ था, नाचते समय एक युवक अपने हाथ में हथियार लहराकर नाच रहा था, जिस पर शिकायतकर्ता ने उसको ऐसा करने से मना किया तो युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता और अन्य लोगों के साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मारपीट की घटना को अंजाम देने में शामिल एक और आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया है, आरोपित से पूछताछ कर वीरवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।