सब डिवीजन बुचावास में ग्रामीणों साथ बिजली बिल को दिखाते बलवान फौजी।
महेंद्रगढ़। गांव बुचावास के ग्रामीणों ने सब डिविजन बुचावास में एकत्रित होकर बिजली निगम के अधिकारियों को बिजली बिलों में हो रही परेशानियों से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ सालों से बिजली विभाग द्वारा भारी भरकम बिल भेजे जा रहे हैं।
समाजसेवी बलवान फौजी ने अधिकारियों को बताया कि बिजली निगम द्वारा पूरे महीने के बिल का जो एवरेज आएगा, उसमें दो महीन की सिक्योरिटी डिपाॅजिट के रूप में लिया जाएगा। निगम की ओर से सिक्योरिटी डिपॉजिट पर ब्याज का उपभोक्ताओं को लालच दिया जा रहा है, लेकिन इसके कारण आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी बढ़ेगा। सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। यदि कोई उपभोक्ता किसी कारण से समय पर बिल नहीं भर पाता है तो बिल की राशि विभाग की ओर से सिक्योरिटी के रूप में काट ली जाएगी।
ग्रामीण डॉ. धर्मवीर यादव, सूबेदार धर्मवीर, महावीर, वेदपाल, जोगिंद्र, कंवर सिंह, बीरेंद्र, बाबूलाल, राकेश, सतवीर, सुरजन बताया कि जब से कंप्यूटराइज्ड मीटर घर के बाहर लगाए हैं तब से बिलों में अनियमिता आ रही है। उन्हें ठीक कराने के लिए विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग करते हुए कहा कि विभाग के नियमों के कारण आमजन पर भी अतिरिक्त आर्थिक भार बढ़ रहा है।