संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। केंद्र सरकार की ओर से कोविड-19 और एन3एन2 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर जारी किए गए निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ाने के आदेश दिए हैं। अब सोमवार से प्रतिदिन 50 लोगों के सैंपल जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब में भेजे जाएंगे ताकि पॉजिटिव केस आने पर उस पर नजर रखी जा सके और तुरंत इलाज किया जा सके।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएमओ को सैंपलिंग बढ़ाने के आदेश दिए हैं। सोमवार से जिले में सैंपलिंग बढ़ाने का काम किया जाएगा। इसके लिए सभी एसएमओ व एमओ को निर्देश दिए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव के बाद खांसी, जुुकाम व बुखार के केसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सिविल अस्पताल की ओपीडी भी एक हजार से बढ़कर 1500 तक पहुंच गई है। ऐेसे में अब सोमवार से जिले भर में 50 सैंपल रेंडमली लिए जाएंगे। यही नहीं 10 और 11 अप्रैल को देश भर में सभी सिविल अस्पतालों में मोल ड्रिल भी होनी है।
इन्फ्लूएंजा के दो केसों की रिपोर्ट आनी बाकी, एक नया सैंपल लिए
सिविल अस्पताल नारनौल में इन्फ्लूएंजा के दो संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए रोहतक भेजे गए थे, लेकिन एक सप्ताह से ज्यादा समय होने के बाद भी अब तक रिपोर्ट नहीं आई है। यही नहीं दो दिन पहले भी एक संदिग्ध मरीज का सैंपल लिया गया था, लेकिन उसे भी अब तक जांच के लिए नहीं भेजा गया है। उम्मीद है कि सोमवार को सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
फिलहाल यहां कोविड का कोई केस नहीं है। फिर भी सोमवार से सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी। प्रतिदिन जिलेभर से रेंडमली 50 सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।-डॉ. अविनाश पूनिया, डिप्टी सीएमओ, सिविल अस्पताल, नारनौल