संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। नारनौल क्षेत्र में एक महिला ने रिश्ता तय करने के बाद दिए लाखों रुपये वापस नहीं देने व दहेज की मांग बढ़ाने का आरोप लगाते हुए एक युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें नारनौल निवासी महिला ने बताया कि उसकी बेटी का रिश्ता नवंबर 2022 में गुरुग्राम निवासी एक युवक के साथ किया था। इसके बाद दोनों की पढ़ाई जारी रहने के चलते शादी नहीं की गई थी।
लड़की की मां ने आरोप लगाया कि एक दिन उसकी लड़की के ससुराल पक्ष की तरफ से फोन आया कि उन्हें 25 लाख रुपये की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो दहेज के रूप में रुपये देने है, वह अभी दे दो, जिससे लड़के के काम आ जाएंगे। महिला का कहना है कि उसके पास इसकी रिकाॅर्डिंग भी है। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि अब बीते दिनों लड़के का एसडीएम पद (एचसीएस) पर चयन हो गया है। इसके बाद उनके घर शादी की बात करने परिवार वाले गए तो लड़के ने कहा कि उसे फाॅर्च्यूनर गाड़ी व 50 लाख रुपये चाहिए। अब उसका एसडीएम पद के लिए चयन हो गया है। उसका फूफा 80 लाख रुपये दहेज में दिलाने की बात कर रहा है। महिला ने शिकायत में बताया कि एचसीएस की परीक्षा में पास होने के लिए लाखों रुपये दिए है। महिला का कहना है कि जो भी रुपये का लेनदेन किया था, उसकी उनके पास रिकाॅर्डिंग भी है। महिला ने युवक समेत 6 लोगों पर जान से मारने की धमकी देने, धोखाधड़ी, 25 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।