नारनौल। शहर के सैन चौक पर स्थित सैन महाराज की प्रतिमा के समक्ष रविवार को सैन जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई गई। सैन जयंती कार्यक्रम सैन चौक के संस्थापक रहे मुकेश सैन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस जयंती कार्यक्रम में सैन समाज के लोगों सहित विभिन्न समाज के लोगों ने भाग लेकर सैन महाराज को माल्यार्पण किया।
जयंती कार्यक्रम को लेकर सुबह सैन चौक पर बनी संत शिरोमणि सैन महाराज की प्रतिमा को दूध, दही, शहद व गंगाजल से स्नान करवाया गया। इसके बाद वहां विधिविधान से सैन महाराज की पूजा अर्चना कर सभी ने माल्यार्पण किया और उसके बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुकेश सैन ने कहा कि आज बिखरते हुए समाज को एक करने के लिए हमें सैन महाराज के आदर्शों को अपनाना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ही आने वाली पीढ़ी को महापुरुषों के बारे में ज्ञान प्राप्त है। वहीं कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पहुंचे प्रगतिशील शिक्षक ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि महापुरुष कभी किसी एक समाज के नहीं होते और वे सबके लिए पूजनीय होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें सदैव महापुरुषों के आदर्शों को ग्रहण कर उनके दिखाए मार्ग पर चलाना चाहिए। सैन जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद कांशीराम ने कहा कि आज हमारे लिए बड़ी खुशी की बात है कि हम इस चौक पर सैन महाराज की जयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुकेश सैन हमेशा इस चौक के विकास कार्य के लिए जागरूक रहते हैं। जिसके कारण यहां की स्थिति पहले से काफी ठीक हो गई है। इस मौके पर काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।