नारनौल। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आरती राव शनिवार को नारनौल पहुंचीं। उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान सामाजिक एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव दी मौजूद रहे। एक कार्यक्रम में आरती राव ने कहा कि राजनीतिक में आज के युवाओं की सक्रिय भूमिका होती है। मंत्री ओमप्रकाश यादव उनसे बड़े हैं, वह बीच की हैं और आपके सामने खड़े युवा मुझसे छोटे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में ओमप्रकाश मंत्री जैसे बड़ों, मुझ जैसे बीच के लोगों व युवाओं को मिलकर ही अगला चुनाव लड़ना है, क्योंकि युवाओं के बगैर कुछ भी संभव नहीं है।
आरती राव ने कहा कि नारनौल से हमेशा उनके परिवार व उनको प्यार मिलता है। मैं समाजसेविका हूं और राजनीतिक परिवार से हूं। अभी मैंने राजनीति में कदम नहीं रखा है। आने वाले समय में मैं चुनाव लड़ सकती हूं। वहीं मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के पद चिह्नों पर चलते हुए आरती राव भी लोगों से भलाई के लिए दिन-रात कार्य में लगी हुई हैं। नारनौल क्षेत्र पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राव वीरेंद्र सिंह, उनके पुत्र केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का हमेशा आशीर्वाद रहा है उन्हीं के पद चिह्नों पर चलते हुए आरती राव का भी नारनौल क्षेत्र से विशेष लगाव है। इस अवसर पर पटौदी की पूर्व विधायक बिमला चौधरी, मनदीप सिंह एडवोकेट, जेपी सैनी, अजय सिंघल पार्षद व नितिन चौधरी पार्षद आदि मौजूद रहे।
अटेली का उनके परिवार से पुराना नाता
मंडी अटेली। अटेली बाईपास पर आरती सिंह राव का पूर्व चेयरमैन विकास यादव की टीम ने स्वागत किया। आरती राव ने कहा कि अटेली से उनके परिवार का पुराना नाता रहा है। अटेली की जनता को वह अपना परिवार मानती हैं। यहां की जनता ने हमेशा रामपुरा हाउस का स्वाभिमान बरकरार रखा है। इस अवसर पर जयप्रकाश यादव, कैप्टन भरपूर, अशोक, जसवंत यादव, सुरेंद्र बाछोद, मंजीत, अशोक कुमार, डॉ. भूप सिंह आदि उपस्थित रहे।