नारनौल। सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन देकर ठगी करने वाले आरोपी राहुल निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस ने नकदी और संबंधित फर्म का रिकॉर्ड बरामद किया है। आरोपी इंडस्ट्रीज के नाम से एक फर्जी कंपनी बनाकर ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने भोले-भाले व्यापारियों को अपना शिकार बनाता था। आरोपी इस फर्जी कंपनी का प्रोपराइटर है और जिस बैंक खाते में ठगी की रकम मंगवाई गई थी, वह भी उसी के नाम पर है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही दिल्ली में साइबर क्राइम के दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।