नारनौल। साइबर फ्रॉड के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। टेलीग्राम टास्क/टेलीग्राम पर आनलाइन कार्य का झांसा देकर साइबर फ्रॉड किया था। आरोपी को पुन्हाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान जमशेद खान वासी नीमखेड़ा थाना पुन्हाना नूह मेवात के रूप में हुई। पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी साइबर फ्रॉड के मामले में संलिप्त था। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी के पास से दस हजार रुपये की नगदी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शिकायतकर्ता कनीना के नांगल निवासी पवन कुमार ने साइबर फ्रॉड के संबंध में शिकायत देते हुए बताया कि उसे टेलीग्राम (सोशल मीडिया एप) पर ऑनलाइन कार्य के लिए मैसेज आया और बताया कि वह (www.socarworldwide.com) पर कार्य कर सकता है, कार्य करने के लिए उसको एक हजार रुपये जमा कराने होंगें, जो कि कार्य पूरा होने के बाद वापस हो जाएंगे। उसने बताया कि इस तरह से जालसाजों ने कार्य खत्म होने पर 16,456 रुपये उसके खाते मे जमा करवा दिए। अगले दिन फिर से कार्य करने के लिए एक हजार रुपये जमा करने को कहा, पैसे जमा करने और कार्य शुरु करने के बाद साइबर ठगों ने फिर से 15,550 रुपये जमा करने को कहा, जब उसने मना किया तो कार्य खत्म करते ही सारे रुपये वापस आने की बात कही। इसी तरह साइबर जालसाजों ने झांसा देकर शिकायतकर्ता से कुल 1,96,758 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करा लिए और उसके बाद ओर पैसे जमा करने की डिमांड की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सबंधित कंपनियों से पत्राचार कर जानकारी एकत्रित की और तकनीक के माध्यम से आरोपी का पता लगाया।