महेंद्रगढ़। पानी की मोटर और इंजन चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक ओर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मकसूद उर्फ गुलिया निवासी ओथा थाना पिंगावा जिला मेवात के रूप में हुई है। आरोपी ने चोरी का सामान खरीदा था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामले में पुलिस पहले चार आरोपियों राजबीर निवासी चुडिना तहसील बुहाना राजस्थान, आजाद निवासी ओथा थाना पिंगावा मेवात, सत्यम निवासी भरोटा खास जिला कन्नौज उत्तर प्रदेश और सोनू निवासी सांगेल उज्जैना (नूंह) को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चोरी किए हुए छह इंजन और चोरी की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई थी। आरोपी राजबीर निवासी चुडिना तहसील बुहाना राजस्थान, सत्यम निवासी भरोटा खास जिला कन्नौज यूपी और सोनू वासी सांगेल उज्जैना नूंह चोरी की वारदात को अंजाम देने में शामिल थे और आरोपी आजाद निवासी ओथा थाना पिंगावा मेवात ने चोरी का सामान खरीदा था।
शिकायतकर्ता राजबीर वासी नागंल सिरोही ने थाना सदर महेंद्रगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि गत 10 मार्च को वह अपने खेत में पानी देने जोनावास नहर (नांगल सिरोही) पर गया था, जहां पर उसे पानी की मोटर नही मिली। शिकायत में उसने बताया कि विजेंद्र, अनिल, राजबीर, सुरेंद्र की पानी की मोटर और अजीत, राजबीर, जसवंत, इंद्राज, संजय, शेरसिह का ईंजन 9 मार्च की रात को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए हैं। शिकायतकर्ता ने 5 पानी की मोटर व 7 इंजन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।