नारनौल। जेई व दोनों प्रॉपर्टी डीलरों को शुक्रवार को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से 2 दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया गया। टीम अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ करेगी। इसके बाद अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम शुक्रवार को दोपहर 12 बजे नारनौल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष तीनों आरोपियों को पेश किया गया। एसीबी की टीम ने 4 दिन के रिमांड की मांग की, लेकिन टीम को दो दिन का रिमांड का समय दिया गया। इसके बाद एसीबी की टीम तीनों आरोपियों को अपने साथ गुरुग्राम लेकर गई। जहां इस मामले में अन्य नामजद लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी। एसीबी की टीम वीरवार को नारनौल नगर परिषद पहुंची थी, जहां से नगर परिषद में कार्यरत जेई विकास कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं इस मामले में शामिल प्रोपर्टी डीलर अमीश और नवीन को गिरफ्तार कर गुरुग्राम साथ लेकर गई। इसके बाद शुक्रवार को नारनौल कोर्ट में तीनों को पेश कर दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
यह है मामला
शहर की अनाज मंडी के पास एक जमीन की एनओसी जारी की गई थी। इन एनओसी को आधार बनाकर प्रॉपर्टी डीलरों ने इस जमीन पर कई प्लाट काट दिए। एक ही एनओसी पर अवैध कॉलोनी में प्लाट काटे जाने की शिकायत कुछ लोगों ने एंटी करप्शन ब्यूरो को कर दी। एसीबी की टीम इस मामले की कई दिनों से जांच कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि प्रापर्टी डीलरों ने अनअप्रूव्ड कालोनी में ऊंचे दामों पर प्लाट काटने के लिए नगर परिषद के जेई विकास कुमार के साथ मिलकर उस अनअप्रूव्ड कालोनी के एक बड़े भूभाग की एनओसी करवा ली। इसके बाद प्रॉपर्टी डीलरों ने वहां पर इसी एनओसी के आधार पर कई छोटे-छोटे प्लाट काट दिए। एक ही एनओसी सभी प्लाटों की रजिस्ट्री भी करवाई गई है।
ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में बिजली मंत्री जेई को कर चुके हैं सस्पेंड
पिछले करीब 5 सालों से नारनौल नप में डीसी रेट पर लगा जेई विकास कुमार पिछले काफी समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने जेई को सस्पेंड करने के आदेश भी दिए थे। डीसी रेट पर लगे होने के कारण तकनीकी वजह से उस समय भी किसी कार्रवाई से बच गया था। अब एसीबी की जांच के दौरान इस पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में कई लोग नामजद है, अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। इसके आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
राजकिरण, इंस्पेक्टर एसीबी।