अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। मंगलवार को दोपहर एक बजे डीटीपी की टीम ने कनीना में कोसली रोड़ पर टाइल फैक्ट्री के समीप अवैध रूप से काटी गई कालोनी पर पीला पंजा चलाया। डीटीपी मंदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम में जेई मंजीत सिंह, विभाग के पटवारी बिजेंद्र सिंह सहित डयूटी मजिस्ट्रेट योगेश कुमार तहसीलदार कनीना, उमेद जाखड़ पटवारी तथा कनीना सीटी पुलिस चौकी इंजार्च बलवंत सिह के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ जेसीबी के माध्यम से करीब साढे छ: एकड़ में अवैध रूप से काटी गई कालोनी में जिन प्लाटों की नींव डीपीसी लेवल तक थी या चार दिवारी थी उसको तोड़ा गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इस अवैध कोलोनी में जो मकान बने हुए है और जिनमें लोग रहते है तथा पशुधन बांध रखा था। उनको अलग से नोटिस देने के लिए संबधित जेई को कहा गया है। इसके बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टाइल फैक्ट्री की परमिशन के कागज मांगे और ना दिखाए जाने पर उसको तोडने की बात कही। इस बाबत उन्होंने टाइल फैक्ट्री संचालकों को परमिशन लेने के लिए कहा। वहीं विभाग के जेई को टाइल फैक्ट्री संचालकों को भी नोटिस देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोग अपने धन को प्लाट आदि खरीदने में केवल विभाग द्वारा वैध घोषित कालोनी में ही लगाए। कनीना में वैध कालोनियों की सूचना विभाग से ले सकते है। उनकी टीम द्वारा भविष्य में भी अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगा। उन्होंने बताया कि आज तोड़ी गई कालोनी के लिए पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे।