स्वतंत्रता की वर्षगांठ धूमधाम से मनाई
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। आरपीएस नारनौल में स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ पर शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावणिया ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के डायरेक्टर ओपी यादव एडवोकेट ने की। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने डंबल, लेजियम और लयबद्ध योगासनों का प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। सरस्वती वंदना, गणेश वंदना के माध्यम से बच्चों ने सुंदर प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान सामाजिक कुरीति भ्रूण हत्या पर बेटी बचाओ लघु नाटिका पेश की गई। मुख्य अतिथि मुकेश लावणिया ने विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर होने वाली गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंच का संचालन निशि मित्तल और उत्तम प्रकाश ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में विवेकानंद स्कूल के प्रिंसिपल दिनेश यादव, सीएस यादव, डीन जेपी यादव आदि मौजूद थे।