किसान लाठी रैली में किसान हकों की उठाएंगे मांग : नरेश यादव
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। कांग्रेस की 22 जुलाई को अटेली की नई अनाज मंडी में होने वाली किसान लाठी रैली में किसान भारी संख्या में पहुंच कर अपने हकों की आवाज उठाऐंगे। यह बात पूर्व विधायक और रैली के आयोजक नरेश यादव ने गांव सिलारपुर, अटेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अन्नदाता ने यदि नाराज होकर खेती करना छोड़ दिया तो उद्योगपतियों के कारखाने और देश का विकास सब धरे रह जाएंगे। दस साल में कीटनाशकों के दाम डबल हो गए, जबकि अनाज के दामों में मामूली बढ़ोतरी हुई है। ऐसे मेें किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। कहा कि किसानों को जागना होगा। हक के लिए लाठी उठानी होगी। सोई हुई भाजपा सरकार को जगाना होगा। किसान को केवल चुनाव के समय ही याद किया जाता है। पूर्व विधायक ने अटेली के वार्ड न. 1 में घर-घर जाकर लोगों को रैली का न्योता दिया। इस मौके पर पूर्व वाइस चेयरमैन जसवन्त सिंह, प्रीतम पूर्व सरपंच, राकेश ठेकेदार, एडवोकेट मुकेश कुमार, जगमोहन आदि उपस्थित रहे।