कनीना। थाना सदर कनीना के क्षेत्र में दौंगडा चौक पर लाठी डंडों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विक्रांत भूषण के दिशा निर्देशानुसार मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयोग की गई 3 गाड़ियां भी बरामद कर ली हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलवाड़ी निवासी विशाल उर्फ पंकज, योगेश, प्रदीप, ओमप्रकाश, दौंगडा जाट निवासी अमित, अरुण और बुहाना राजस्थान के गांव झांझा निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सत्यवीर निवासी दौंगडा अहीर ने थाना सदर कनीना में शिकायत देते हुए बताया कि 19 दिसंबर की सुबह वह अपनी गाड़ी लेकर दौंगडा चौक पर आया था। उसने बताया कि तभी 3 गाड़ी और 5 बाइक लेकर 25 30 लोग आए, जिनके हाथ में लकड़ी, डंडे और बरछी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने आते ही मारपीट शुरू कर दी, इस दौरान उसे काफी चोटें आई।
शिकायतकर्ता ने सोने की चैन गायब होने और एक लाख रुपये ले जाने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी विक्रांत भूषण ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस को जल्द सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिनके तहत मामले में तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिनसे 3 गाड़ियां भी बरामद कर ली हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।