नारनौल।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर सोमवार व वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में लघु सचिवालय में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आमजन की शिकायतें सुनी। समाधान शिविर में कुल 61 शिकायतें आई। डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद इन समाधान शिविरों की समय-समय पर समीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में जो भी शिकायतें आती हैं उनका मौके पर ही निपटान करें। इस मौके पर नगराधीश मंजीत कुमार, डीएसपी हरदीप सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।