मंडी अटेली। नारनौल-रेवाड़ी नेशनल हाईवे पर सड़क दुघर्टना में एक ही परिवार के तीन बच्चों सहित 6 लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामान्य अस्पताल नारनौल में दाखिल किया है। पुलिस ने घायल व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव बजाड़ निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हिमाचल प्रदेश में पीएनबी की शाखा में कार्यरत है। पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर अपने गांव आया था। रविवार को वह वापस ड्यूटी पर जाने के लिए ईको गाड़ी से नारनौल परिवार के साथ जा रहा था। गाड़ी को गांव निवासी रोहतास चला रहा था। अटेली के समीप रोहतास स्कूल के समीप एक ट्राला चालक ने अपने ट्राले को गलत दिशा में खड़ा किया हुआ था जिससे ईको गाड़ी टकरा गई। टक्कर से उनकी पत्नी आशा, पुत्री कल्पना व रिया, पुत्र विधान तथा चालक रोहतास को चोट लगी। एंबुलेंस की सहायता से सभी को उपचार के लिए अटेली सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।