अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। पुलवामा हमले के ठीक 12 दिन बाद मंगलवार तड़के जब भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों पर किए गए हमले की जानकारी लोगों को मिली तो हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। सुबह अपने-अपने प्रतिष्ठान खोलने के बाद लोगों की नजर टीवी चैनलों पर जाकर टिक गई। जब चैनलों के माध्यम से पता चला कि भारतीय वायुसेना के विमानों ने पीओके में जाकर आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिए हैं तो लोगों में जोश का माहौल पैदा हो गए। बस स्टैंड के सामने अपने प्रतिष्ठान पर नारनौल में विभिन्न समाचार पत्रों के अधिकृत विक्रेता लालचंद सैनी व आसपास कि दुकानदारों ने लड्डू बांटकर इसे पुलवामा में शहीद हुए भारतीय जवानों के लिए श्रद्धांजलि की शुरूआत बताया और मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि करार दिया। ताराचंद सैनी, धीरज कुमार, रामभगत जमालपुरिया, कालूराम सैन व दिनेश कुमार सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जवानों की शहादत का बदला लेने की शुरूआत की इस कार्रवाई से जवानों के परिवार वालों के मन को तसल्ली जरूर मिलेगी। इस मौके पर इन सभी लोगों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के साथ लोगों में जोश भर दिया। जयश्री राम सेना ने भी लोगों को लड्डू बांटकर अपनी खुशी को इजहार किया। लोगों ने कहा कि यह पुलवामा में शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है। इसके अलावा आजाद चौक पर भी लोगों ने इस मौके पर आतिशबाजी की।