फोटो संख्या:31
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। यदुवंशी शिक्षा निकेतन, महेंद्रगढ़ के छात्रों ने जोनल साइंस क्विज कंपीटिशन में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्राचार्य बाबूलाल यादव ने बताया कि यह प्रतियोगिता 7 नवंबर को गुडग़ांव के डीएवी स्कूल में आयोजित हुई जिसमें 30 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में प्रथम चरण के आधार पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई जिसमें 30 में से केवल 8 टीमों को ही क्वालीफाई करने का मौका मिला। इसके बाद सभी 8 टीमों ने विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें यदुवंशी स्कूल की छात्रा साक्षी, संपन्न एवं आदित्य मित्तल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब यदुवंशी शिक्षा निकेतन के ये विद्यार्थी राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपने पूरे जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के प्राचार्य बाबूलाल यादव ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी तथा अपने वक्तव्य में कहा कि आधुनिक समय प्रतियोगी परीक्षाओं का है जिसमें विद्यालय के विद्यार्थी वीवीएम, कल्पना चावला, एनटीएसई जैसी परीक्षाओं में सर्वाधिक चयनित होकर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। यदुवंशी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एडवोकेट कर्ण सिंह यादव ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उन्हें नकद धनराशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य नत्थू सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।