शहर के मुख्य बाजार मानक चौक में तेज बहाव से जाता बारिश का पानी।
नारनौल/ महेंद्रगढ़। जिले में शुक्रवार दोपहर को अचानक हुए मौसम परिवर्तन के चलते तेज हवा के साथ 45 मिनट तक तेज बारिश हुई। इस दौरान एक मिनट तक छोटे आकार के ओले भी गिरे। तेज हवा के चलने से कई जगह पेड़ टूटे और खंभे भी गिर गए। इससे शहर के कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई, जो देर शाम को बहाल हो सकी। तेज हवा के चलते एक निजी स्कूल का गेट भी गिर गया। गनीमत यह रही कि गेट गिरने से कोई हताहत नहीं हुआ और बचाव रहा। इस दौरान शहर के मुख्य मार्गों, बाजार व काॅलोनियों में पानी भर गया।
शुक्रवार को जिला महेंद्रगढ़ में सतनाली में 5 मिलीमीटर, नारनौल में 15 मिलीमीटर, नांगल चौधरी 5 मिलीमीटर, अटेली 12 मिलीमीटर, महेंद्रगढ़ 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कनीना में बारिश नहीं हुई। नारनौल और आसपास ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया गया है। वहीं जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का रात्रि तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। वीरवार को नारनौल में 27 और महेंद्रगढ़ का रात्रि तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक ही दिन में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। नारनौल में शुक्रवार सुबह का तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। आज हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस से 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस से 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वर्तमान समय में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल रहा है। साथ ही साथ कल रात्रि को प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन भी साथ पूर्वी राजस्थान जिसकी वजह से आज अलसुबह सिरसा फतेहाबाद हिसार भिवानी पर हल्की बूंदाबांदी बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया गया। जैसे ही चक्रवातीय सरकुलेशन हरियाणा एनसीआर दिल्ली के दक्षिणी हिस्सों पर पहुंचा, जिसको अरब सागर पर बना चक्रवातीय तूफान विपरजाॅय जो वर्तमान समय में अपना ट्रेक बदल जाने से गुजरात और पाकिस्तान की तरफ होने से प्रचुर मात्रा नमी मिलने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी चरखी दादरी में हल्की से मध्यम बारिश और तेज गति से हवाएं अंधड़ चलने व कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया गया है।
सुबह साफ व शुष्क था मौसम, बाद में बदला
आज सुबह से ही मौसम साफ और शुष्क बना हुआ था संपूर्ण इलाके में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई और साथ ही साथ उमसभरी गर्मी से आमजन को रूबरू होना पड़ रहा था। दोपहर बाद संपूर्ण इलाके पर बादल वाही देखने को मिलीं और हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों केवल महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी जिलों में तेज गति हवाएं अंधड़ चलने और हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया गया है। आज प्रभावित हिस्सों में दोपहर बाद से मौसम सुहावना बना हुआ है।