महेंद्रगढ़। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। वीरवार को चौथे चरण की मेरिट सूची के आधार पर महेंद्रगढ़ में 17, सतनाली में एक विद्यार्थी ने दाखिला लिया। महेंद्रगढ़, सतनाली व सेहलंग आईटीआई की कुल 832 सीटों में 406 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं जबकि 426 सीटें अभी भी रिक्त हैं। अब तक तीन मेरिट सूची के आधार पर महेंद्रगढ़ आईटीआई में 604 सीटों में से 332, सतनाली में 128 सीटों में से 39 तथा सेहलंग में 100 सीटों में से 35 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। महेंद्रगढ़ आईटीआई में 272, सतनाली में 89 और सेहलंग में 65 सीटें विभिन्न ट्रेडों की रिक्त हैं। सतनाली आईटीआई में कारपेंटर व वायरमैन तथा सेहलंग आईटीआई में कोपा की नये ट्रेड शुरू किए गए हैं।
संस्था के जीआई इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि शुक्रवार को चौथे राउंड की मेरिट सूची जारी की जाएगी। 22 से 24 सितंबर तक दस्तावेजों की जांच तथा 22 से 26 सितंबर को फीस जमा करवाई जाएगी। अगर कोई विद्यार्थी त्रुटि दूर करना चाहता है तो हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकता है। दाखिले के समय विद्यार्थी अपने सभी दस्तावेज व आवेदन की हार्ड कॉपी साथ लेकर आएं।