पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीति बंद करे सरकार : रूपाणा
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। हरियाणा शिक्षा विभाग कर्मचारी तालमेल कमेटी का धरना 198वें दिन भी जारी रहा। हेमसा खंड प्रधान कृष्ण रूपाणा ने बताया कि भाजपा सरकार अब स्कूलों में कर्मचारियों की नियमित भर्ती करने की बजाय निजी कंपनियों की मार्फत करेगी। सरकार के इस निर्णय के दायरे में प्रदेश के सभी प्राथमिक, हाई सेकेंडरी विद्यालयों के अलावा आरोही स्कूल और कस्तूरबा गांधी विद्यालय भी आ गए हैं। अब ग्रुप सी और ग्रुप डी कर्मचारियों की भर्ती का जिम्मा निजी कंपनी को दिया है। कंपनियों के साथ 7 वर्ष का अनुबंध किया है। इस अनुबंध के तहत कंपनियों को कर्मचारी भर्ती करने का अधिकार होगा। इसके बदले में कंपनी को 2.01 प्रतिशत कमीशन मिलेगा। यह कंपनी भर्ती कर कर्मचारियों को एक मुश्त मामूली वेतन देकर शोषण करेगी। जिसका तालमेल कमेटी कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियों को बंद किया जाए। खाली पड़े पदो पर स्थायी भर्ती कर बेरोजगारों को रोजगार दिया जाए। बेरोजगारों को नौकरी देने वाली सरकार ने पक्का रोजगार पूर्ण और प्रतिबंध लगा दिया है। सोमवार को खंड सिवानी, हेमसा प्रधान कृष्णा रूपाणा, वरिष्ठ उप प्रधान सुरेंद्र सिंह, उप प्रधान रवि कुमार, सचिव जय प्रकाश धरना स्थल पर पहुंचे।