महेंद्रगढ़। श्री श्याम प्रेम मंडल की ओर से 19 मार्च को महेंद्रगढ़ से जैतपुर धाम तक 31वीं बाबा श्याम की ध्वजा यात्रा निकाली जाएगी। मंडल के सदस्य सुनील शर्मा व बिशन दयाल सेठ ने बताया कि श्री श्याम प्रभु खाटू वाले के रंगीले फागुन मेले को लेकर मंगलवार को शोभा यात्रा एवं पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ों महिलाएं व पुरुष हाथ में बाबा की ध्वजा लेकर डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए जैतपुर धाम के लिए रवाना होगें। बाबा की ध्वजा यात्रा सुबह 7 बजे शहर के प्राचीन शिव मंदिर बड़ा दरवाजा से शुरू होकर भगवान परशुराम चौक, मसानी चौक, सिनेमा रोड, बालाजी चौक, शंकर मार्केंट, सब्जी मंडी, 11 हट्टा बाजार, मोहल्ला सैनीपुरा, पंचमुखी हनुमान से होते हुए जैतपुर धाम के लिए रवाना होगी। ध्वजा यात्रा में बाबा श्याम का आलोकिक श्रृंगार करके रथ यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि 30 वर्ष पहले सात श्रद्धालु बाबा श्रीश्याम की निशान यात्रा लेकर जेतपुर धाम के लिए रवाना हुए थे। उसके बाद धीरे-धीरे लोगों में बाबा के प्रति आस्था बढ़ती चली गई, जिसके कारण श्रद्धालुओं की संख्या दिन प्रति दिन बढ़ती चली गई। उसके बाद एक टोली बनाई गई थी श्रीश्याम प्रेम मंडल का नाम दिया गया था। पिछले पांच वर्ष पूर्व मंडल की ओर से शहर में बाबा श्रीश्याम का प्रसिद्ध बड़ा जागरण भी करवाया जाता था।