अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि हरियाणा के कॉलेजों में छात्र संघ के चुनाव को लेकर इनसो का सोमवार को प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों में किया गया प्रदर्शन और बंद बेअसर रहा। इंदिरा गांधी मीरपुर विश्वविद्यालय रेवाड़ी, भगत फूल सिंह कन्या विश्वविद्यालय खानपुर आदि विश्वविद्यालयों में पढ़ाई सामान्य दिनों की तरह हुई। उन्होंने कहा कि हरियाणा में छात्र संघ के चुनाव करवाने को लेकर बनाई गई कुलपतियों की कमेटी की रिपोर्ट उन्हें एक सप्ताह में मिल जाएगी। इसके बाद वे इस रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बात करेंगे। उन्होंने प्रदेश में शांति का वातावरण बनाए रखने के लिए विद्यार्थियों का आभार जताया।